नवगछिया। अनुमंडल के गंगा व कोसी नदी की बाढ़ के कारण नवगछिया के गोपालपुर, इस्माईलपुर व रंगरा प्रखंडों में हजारों एकड़ में बाढ़ के पानी का जलजमाव होने से समय पर गेहूं सहित अन्य फसल की बोआई नहीं होने की स्थिति में किसानों के समक्ष गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। पिछले एक दशक से इस इलाके के किसान जलजमाव से निजात हेतु सरकारी अधिकारियों व विभिन्न दलों से जुड़े जनप्रतिनिधियों के समक्ष इस गंभीर समस्या के समाधान की गुहार लगा रहे हैं।
Total Downloads: 98
किसान वचनेश्वर मंडल, विश्वजीत यादव व गजेन्द्र महतो ने बताया कि बाढ़ व बरसात के कारण मकई की फसल भी नहीं हुई। अब गेहूं की फसल की बुआई भी समय पर नहीं होने से भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो जायेगी। जानकारी के अनुसार इस्माईलपुर बहियार, मालपुर बहियार व गोपालपुर के गंगा प्रसाद बांध की दोनों ओर, अभिया व धरहरा बहियार तथा कालूचक बहियार की हजारों एकड़ में जलजमाव है।

नवगछिया में ढोलबजजा, कदवा एवं जगतपुर के पास जलजमाव की समस्या से किसान हलकान हैं। जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि जलजमाव एक गंभीर समस्या है। इसके निदान की व्यवस्था का प्रयास किया जायेगा।

