नवगछिया : रंगरा चौक प्रखंड के जहांगीरपुर बैसी में कोसी नदी के भीषण कटाव से ग्रामीण सहमे हैं. गांव के इश्तेखार आलम ने बताया कि कब्रिस्तान के पास कोसी नदी का काफी तेजी से कटाव हो रहा है. लगभग पांच सौ मीटर में कटाव है. देखते ही देखते 10 फीट जमीन कट कर नदी में बह गयी. मो इलियास, मो सोहराब, मो सलहा का घर कटाव के मुहाने पर है. यदि शीघ्र ही कटावरोधी कार्य नहीं किया गया, तो सभी घर कभी भी कटाव की भेंट चढ़ सकता है.
Total Downloads: 175
2022 में कोसी नदी के भीषण कटाव ने जहांगीरपुर बैसी में भारी तबाही मचायी थी. कोसी नदी के भीषण कटाव में 200 से अधिक परिवार का पक्का मकान कट कर नदी में विलीन हो गया था. 2023 में कोसी नदी से गांव को बचाने के लिए तीन करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से कटाव निरोधी कार्य हुआ था. कटाव के दोनों तरफ डेढ़ सौ मीटर में परक्यूपाइन का काम है.
बीच में जीओ बैग का कार्य हुआ है. ग्रमाीणों ने कटाव निरोधी कार्य की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि कटाव निरोधी कार्य नहीं हुआ, तो वर्ष 2022 की तरह ही कटाव हो जायेगा. पूरा गांव प्रभावित हो जायेगा. घटना की जानकारी ग्रामीणाें ने फोन पर जल संसाधन विभाग को दी.

सूचना पाकर जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता विनीत कुमार, कनीय अभियंता मौके पर पहुंच जायजा लिया. सहायक अभियंता ने ग्रामीणों को कटाव निरोधी कार्य करवाने का भरोसा दिया है.
