प्रखंड के जहांगीरपुर बैसी के समीप पिछले एक सप्ताह से कोसी नदी में हो रहा कटाव रुकने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले दो दिनों में 25 एकड़ में लगी गेहूं एवं मक्के की फसल कटाव की भेंट चढ़ चुकी है। शनिवार को 200 मीटर में कटाव हो रहा था। कटाव की गति देख ग्रामीणों में दशहत है। वहीं शनिवार को सीओ जितेंद्र कुमार राम कटाव का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के साथ कटावस्थल का निरीक्षण किया।
Total Downloads: 116
सीओ ने कहा कि यहां काफी तेजी से कटाव हो रहा है। इसकी रिपोर्ट जिले के वरीय पदाधिकारियों को भेजी जाएगी। वहां से निर्देश मिलने पर कटावरोधी कार्य शुरू किया जाएगा। एक हफ्ते से तेज रफ्तार से हो रहे कटाव अब लोगों के घरों की ओर तेजी से बढ़ने लगा है। ग्रामीणों ने सीओ से कहा कि अगर कटाव का रफ्तार इसी तरह जारी रहा तो जहांगीरपुर गांव का आधा भाग कोसी नदी में समा जाएगा। अब लोग सुरक्षित जगह पर पलायन करने की तैयारी में हैं। मौके पर रंगरा थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह, मुखिया प्रतिनिधि संजय मंडल आदि मौजूद थे।

कदवा दियारा के ग्रामीणों ने कहा-बाढ़ से पहले कटावरोधी काम कराए जल संसाधन विभाग
नवगछिया| कोसी नदी के कटाव के भय से कदवा दियरा पंचायत के ठाकुरजी कचहरी टोला लोगों में दहशत है। पिछले वर्ष हुए कटाव की भयावहता को देखते हुए ग्रामीण हितेश चंद्र, पुलिस सिंह, रामदेव सिंह, छठु सिंह, पुलिस सिंह, बबलू सिंह, उमेश सिंह, प्रमोद सिंह आदि ने जल संसाधन विभाग से बाढ़ से पूर्व कटावरोधी काम कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष हुए भीषण कटाव के कारण नदी गांव के बिल्कुल करीब पहुच गई है।
पिछले साल एक हजार एकड़ उपजाऊ जमीन नदी में विलीन हो गई थी। पंचायत के मुखिया अशोक सिंह ने कहा कि ठाकुरजी कचहरी टोला नदी के बिल्कुल करीब आ गया है। पुलिस सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान सांसद अजय मंडल ने यहां कटावरोधी काम कराने का आश्वासन दिया था। वहीं जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि वर्तमान में कटावरोधी काम कराए जाने का कोई प्रावधान नहीं है।

