नवगछिया । नवगछिया जीरो माइल के पास रविवार की देर रात ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
मनीष कुमार (19 वर्ष) पिता बिशु दास अमरपुर लोदीपुर भागलपुर देर रात बाइक से तेतरी से नवगछिया की ओर आ रहा था। उसी समय भागलपुर से नवगछिया की ओर जा रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक के मोबाइल से पुलिस ने उसके घर पर परिजनों को घटना की जानकारी दी। अहले सुबह युवक के परिजन अस्पताल पहुंचे।
मृतक युवक के मामा दयानंद दास ने बताया कि रविवार को मनीष अपने पड़ोसी अरुण कुमार दास की शादी में तेतरी आया था। बारात में आने के कुछ देर बाद वह बाइक लेकर नवगछिया की ओर चला गया। बारातियों ने बताया कि मनीष मोटरसाइकिल से बारात आया था।

बरात आने के कुछ समय बाद ही मोटरसाइकिल से नवगछिया की ओर गया और घर से निकलने की कुछ देर के बाद ही उसकी दुर्घटना की सूचना आ गई। मृतक तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था और भागलपुर में पढ़ाई कर रहा था। इस संबंध में मृतक के पिता विष्णु दास के बयान पर अज्ञात ट्रक चालक पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

