नवगछिया: शहर के जीरोमाइल चौक पर बुधवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए दो दर्जन से अधिक अवैध दुकानों और अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया। अनुमंडल पदाधिकारी रोहित कर्दम के नेतृत्व में नगर परिषद और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने बुलडोजर की मदद से सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया। अभियान के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
Total Downloads: 4
प्रशासन ने बताया कि कार्रवाई से पहले अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किया गया था और लगातार माइकिंग कर स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की गई थी। निर्धारित समय बीतने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान एसडीपीओ अनिकेत अमर पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी करते रहे। अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसके तहत अगली कार्रवाई मकनपुर चौक पर की जाएगी, जहां करीब 15 दुकानदारों को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है।
प्रशासन का कहना है कि अभियान का उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाना, सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर आम लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
