नवगछिया पुलिस ने रविवार की देर रात छापेमारी कर अवैध हथियार एवं गोली के साथ दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी गोपालपुर थाना क्षेत्र के चपरघट निवासी पीयूष कुमार, पिता वरुण यादव एवं अंजनी कुमार यादव, पिता वासुदेव यादव है। पुलिस ने अपराधियों के पास से एक देसी कट्टा एवं दो गोली बरामद किया है।
Total Downloads: 102
नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज ने जानकारी देते हुए बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि नवगछिया बस स्टैंड के पास कुछ अपराधी हथियार लेकर घूम रहे हैं। सूचना के सत्यापन हेतु नवगछिया थाना अध्यक्ष को भेजा गया। पुलिस टीम द्वारा वहां छापेमारी कर पीयूष कुमार एवं अंजनी कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर दोनों के पास से हथियार एवं गोली बरामद किया गया।

एसपी ने कहा कि पीयूष कुमार पेशेवर अपराधी है। पैसे लेकर हत्या जैसी घटनाओं को अंजाम देता है। इसके साथ ही सड़क पर वाहन चालकों से भी लूट की घटना को अंजाम देता है। नवगछिया थाना में पीयूष पर हत्या का एक एवं लूटकांड का एक मामला दर्ज है। जबकि इस्माइलपुर थाना में भी उसके विरुद्ध लूट कांड दर्ज है। बीते वर्ष 26 फरवरी को पीयूष ने नवगछिया वार्ड 23 में अपने घर के गेट पर पत्नी के साथ कुरकुरे खा रहे हार्डवेयर व्यवसायी चंद्रशेखर कुमार उर्फ पप्पू मंडल की हत्या गोली मारकर कर दी थी। पीयूष ने 50 हजार रुपये लेकर घटना को अंजाम दिया था।
एसपी ने कहा कि दोनों अपराधी राविवार की देर रात भी किसी अपराध की घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से नवगछिया बस स्टैंड के पास जमा हुए थे। जिसकी भनक पुलिस को लगी। पुलिस ने दोनों अपराधियों के मंसूबे को विफल करते हुए तत्काल गिरफ्तार किया। छापेमारी दल में थानाध्यक्ष शेलेश कुमार, अनि चंदन कुमार दूबे सहित शास्त्र बल शामिल थे।

