बिहपुर । प्रखंड अंतर्गत बभनगामा में बीते शनिवार की रात विवाहिता काजल कुमारी की हत्या जेवर के लिए की गई थी। हत्याकांड में पुलिस ने सास जनकनंदिनी देवी, ससुर वासुदेव यादव व पति गौतम यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। काजल के पति गौतम यादव ने बताया कि काजल के जेवर को परिजनों की सहमति से एक वर्ष पूर्व देवर सौरभ यादव और ससुर वासुदेव यादव एवं सास जनकनंदनी देवी ने गिरवी रखकर दो लाख रुपये कर्ज लिए थे। कुछ माह बाद काजल लगातार जेवर वापस मांग रही थी।
Total Downloads: 166
काजल जब भी जेवर मांगती थी तो उसके साथ मारपीट की जाती थी। शनिवार की शाम भी काजल ने देवर से जेवर छुड़ाने की बात कही, जिसके लेकर विवाद बढ़ने लगा। बात इतनी बढ़ गई कि देवर ने मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर गौतम ने अपने दोनों भाई गौरव और सौरव के साथ मिलकर काजल की जमकर पिटाई कर दी।
इसके बाद सभी ने मिलकर दुपट्टे से गले में फंदा लगा कर काजल की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को गौतम ने अपने पिता और दोनों भाइयों के साथ बोरे में भर दिया नरकटिया बांध के पार एक तालाब में मिट्टी में दबा दिया। गौतम ने ही काजल के पिता को फोन कर बताया कि काजल घर से भागकर कहीं चली गई है। बिहपुर प्रभारी थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि काजल कुमारी की हत्या जेवर को लेकर घरेलू विवाद बढ़ने के कारण ही हुई है। वहीं शव का पोस्टमार्टम भागलपुर में कराकर परिजन को सुपुर्द कर दिया गया। फरार आरोपियों की गिरफ्तार के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

