कोसी नदी में डूबने से 13 वर्षीय किशोर की मौत, जहांगीरपुर बैसी गांव में पसरा मातम
नवगछिया। जहांगीरपुर बैसी गांव के पास गुरुवार को कोसी नदी में नहाने के दौरान डूबने से 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव के ही महबूब आलम के पुत्र अल्तमस के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, अल्तमस गुरुवार को अन्य बच्चों के साथ कोसी नदी में नहाने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में डूब गया। साथ नहा रहे बच्चों ने घटना की सूचना उसके परिजनों को दी।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद किशोर को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

