बिहपुर।एनएच-31 पर झंडापुर बस स्टैंड के समीप बुधवार की रात करीब 9 बजे बदमाशों ने रंगरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव निवासी नर्स रानी देवी (25) को गोली मार दी। गोली उनके चेहरे और हाथ में लगी है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
Total Downloads: 166
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मदद से घायल नर्स को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया। देर रात परिजन उन्हें लेकर पटना रवाना हो गए।
घायल के पति हरिबोल कुमार ने पुलिस को बताया कि रानी देवी झंडापुर में एक डॉक्टर के यहां नर्स का कार्य करती थीं और चार-पांच दिन में एक बार गांव आती-जाती थीं। बुधवार की रात किसी परिचित से घटना की सूचना मिलने पर वे झंडापुर पहुंचे।

पीड़ित पति ने आरोप लगाया कि गांव की ही रानी देवी की एक सहेली की शादी हरियो गांव में हुई है, जहां उनकी पत्नी का आना-जाना था। इसी दौरान सहेली के देवर बाल्मीकि कुमार द्वारा रानी देवी पर शादी का दबाव बनाया जा रहा था। पति ने आशंका जताई कि इनकार करने पर उसी ने इस घटना को अंजाम दिया है।
बताया गया है कि घायल नर्स के तीन छोटे बच्चे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपों के आधार पर छानबीन में जुटी हुई है।
