नवगछिया | झंडापुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमालपुर में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब मोहम्मद जहांगीर के बगीचे में एक अज्ञात व्यक्ति का शव आम के पेड़ से लटका हुआ मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
सूचना मिलते ही झंडापुर थाना प्रभारी प्रशांत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जांच कर रही है तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।

थाना प्रभारी प्रशांत कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

