बिहपुर | झंडापुर थाना क्षेत्र के हरियो ढाला के पास लीची बगीचे में शनिवार सुबह मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। यहां एक माह की नवजात बच्ची को कपड़े में लपेटकर बगीचे में फेंक दिया गया था।
ग्रामीणों की सूचना पर झंडापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बच्ची को तत्काल इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कर सुरक्षित रखा गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही आसपास के गांवों एवं प्रसव केंद्रों में हाल ही में जन्मे बच्चों का रिकॉर्ड भी जांचा जा रहा है, ताकि बच्ची को छोड़ने वालों की पहचान की जा सके।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि पालन-पोषण में असमर्थता थी तो बच्ची को किसी संस्था या सुरक्षित स्थान पर सौंपा जा सकता था। घटना ने समाज की संवेदनहीनता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

