नवगछिया : भागलपुर रेंज के डीआईजी विवेकानंद निरीक्षण में सोमवार को नवगछिया पहुंचे। हाल के महीनों में हुई आपराधिक घटनाओं, अपराध नियंत्रण, अभियुक्तों की गिरफ्तारी आदि पर एसपी एसके सरोज और एसडीपीओ दिलीप कुमार के साथ समीक्षा बैठक की। उसके बाद डीआईजी औचक निरीक्षण में परबत्ता थाना पहुंचे। वहां पहुंचकर जब निरीक्षण शुरू किया तो वहां के थानेदार की लापरवाही सामने आ गई। परबत्ता थाना क्षेत्र में अभियुक्तों की गिरफ्तारी की संख्या कम थी। महीने के पहले हत्या, लूट या डकैती कांड का अनुसंधानकर्ता थानेदार को खुद बनना होता है लेकिन परबत्ता थानेदार ने उस निर्देश का भी पालन नहीं किया था। डीआईजी ने थानेदार को एक महीने में अपनी कार्यशैली में सुधार लाने, अभियुक्तों की गिरफ्तारी करने आदि का टारगेट दिया है।

आपराधिक घटनाओं की समीक्षा, कुर्की की कार्रवाई तेज करने को कहा

डीआईजी ने नवगछिया पुलिस जिले में हाल के महीनों में हुई आपराधिक घटनाएं, खासकर लूट की घटनाओं की समीक्षा की। उन घटनाओं के बाद उद्भेदन किए गए कांडों के बारे में भी जानकारी ली। पिछले दो-तीन महीने में नवगछिया में अपराध का ग्राफ बढ़ने की बात सामने आई थी। रंगरा थाना के निरीक्षण के दौरान पता चला कि वहां लूट की छह घटनाएं हाल के महीने में घटित हुई थीं जिनमें चार घटनाओं को उद्भेदन कर लिया गया था। डीआईजी ने फरार अभियुक्तों के विरुद्ध कुर्की जब्ती की कार्रवाई तेज करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कुर्की जब्ती से पहले ढोल बजाकर इश्तेहार चिपकाने की भी कार्रवाई की जाए। इस तरह की कार्रवाई से अपराधियों के मन में भय उत्पन्न होगा और समाज में भी एक संदेश जाएगा कि गलत करने वालों के साथ ऐसा भी होता है।

बेहतर कार्य करने वाले चौकीदार को पुरस्कृत किया, शराब की सूचना लाने को कहा

डीआईजी विवेकानंद ने नवगछिया पुलिस जिले के निरीक्षण के दौरान वहां मौजूद चौकीदारों से भी बात की। उस दौरान पता चला कि एक चौकीदार की सूचना पर पुलिस ने भारी मात्रा में शराब बरामद किया था। उस चौकीदार को पुरस्कृत भी किया गया। डीआईजी ने चौकीदारों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्र में शराब का अवैध कारोबार करने वाले, खरीद-बिक्री करने वालों से संबंधित आसूचना एकत्रित करें ताकि उसपर पुलिस कार्रवाई कर सके।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *