गोपालपुर प्रखंड के तीनटंगा करारी स्थित दर्शनमांझी घाट के समीप गुरुवार को हुए नाव हादसे के तीसरे दिन शनिवार को 6 किलोमीटर दूर एकचारी दियारा के पास से मां-बेटे का शव एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम ने नदी से बरामद किया। दोनों की पहचान तीनटंगा करारी निवासी पप्पू यादव की 30 वर्षीय पत्नी सीता देवी और उसके 10 वर्षीय पुत्र रामवीर कुमार के रूप में की गई है।
इस तरह इस घटना में अब तक तीन लाेगाें की माैत हाे चुकी है। वहीं इसी गांव के स्व. अजबलाल मंडल की बेटी 18 वर्षीया कौशल्या कुमारी, रंजीत दास की 40 वर्षीया पत्नी बिंदु देवी और लालू मंडल की पत्नी गीता देवी अब भी लापता हैं। इनकी तलाश में स्थानीय गोताखोरों की मदद से एसडीआरएफ टीम कर रही है।

प्रशासन के आला अधिकारी भी घटनास्थल पर कैंप किए हुए हैं। पत्नी और बेटे के शव मिलने के बाद पप्पू यादव का रो-रोकर बुरा हाल था। इकलौते बेटे के गम में वे बार-बार बेहोश हो रहे थे। वहीं उनकी दो बेटियों की चीत्कार से पूरा गांव का माहौल गमगीन हो गया।
एक साथ उठी मां-बेटे की अर्थी गमगीन हुआ गांव का माहौल
मां-बेटे के शवों का पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया। देर शाम दोनों का दाह-संस्कार कर दिया गया। एक साथ मां-बेटे की अर्थी जब गांव से निकली तो पूरा माहौल गमगीन हो गया। गांव के हरएक लोगों की आंखें छलक उठीं।
वहीं पप्पू यादव की दोनों बेटियां मां और भाई के श्व से लिपटकर रो रहीं थीं। बड़ी बेटी आरती रो-रोकर कह रही थी कि अब हम राखी किसको बांधेंगे। इधर, लापता तीन अन्य लोगों के परिजनों का भी हाल बुरा था। वे अब उनके लौटने की उम्मीदें छोड़ चुके हैँ।


