नवगछिया । बिहपुर विधानसभा के खरीक प्रखंड अंतर्गत तेलघी गांव में बुधवार को विधायक ईं. शैलेन्द्र और निर्दलीय प्रत्याशी अवनीश कुमार के समर्थक आपस में भिड़ गए। दोनों तरफ से मारपीट का आरोप लगाया जा रहा है। अवनीश ने पत्नी, बेटी-बेटा, भांजा और परिवार की अन्य महिला और पुरुष सदस्यों के साथ-साथ समर्थकों संग निवर्तमान विधायक ई. कुमार शैलेन्द्र के पैतृक गांव तेलघी में मारपीट, छेड़छाड़, छिनतई करने का आरोप लगाया है। घटना को लेकर देर शाम तुलसीपुर निवासी अवनीश अपने परिवार और समर्थकों के साथ खरीक थाना पहुंचे और थाने में घटना से संबंधित आवेदन दिया। अवनीश ने बताया कि मेरी पत्नी, बेटी, मां, बेटा, भांजा परिवार की अन्य महिला-पुरुष चुनाव प्रचार करने तेलघी गांव गए थे।

वहां बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने बिना कुछ बोले अचानक लाठी-डंडे से हमला कर दिया। जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट के दौरान महिला सदस्यों के साथ अभद्रता भी की गई एवं कई महिलाओं के गले से सोने की चेन भी छीन ली गई। उन्होंने आरोप लगाया है कि पूरा घटनाक्रम भाजपा प्रत्याशी ईं. शैलेन्द्र के आदेश पर उनके समर्थकों द्वारा किया गया। घटना की जानकारी पर जब मैं पहुंचा तो मेरे साथ भी मारपीट की गई। वहीं भाजपा प्रत्याशी सह निवर्तमान विधायक ई. शैलेन्द्र ने बताया कि वह चुनाव प्रचार के लिए गांव से बाहर थे, लेकिन जानकारी दी गई कि निर्दलीय प्रत्याशी गांव में आकर मेरे घर के पास गाली-गलौज कर रहा था।

गांव के लोग और कार्यकर्ताओं ने समझाने का प्रयास किया तो उनलोगों के साथ निर्दलीय प्रत्याशी के साथ आए लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। कई महिलाओं के गले से सोने की चेन छीन ली। शैलेन्द्र ने कहा कि खुद गलत काम कर रहा है और अब मुझे बदनाम करने के लिए अवनीश झूठा प्रचार कर रहा है, मनगढंत आरोप लगा रहा है। मैं रात नौ बजे घर वापस आया हूं और ग्रामीणों से बात कर रहा हूं। जिनलोगों के साथ मारपीट की गई है वे लोग भी प्राथमिकी दर्ज कराने जा रहे हैं। इधर, खरीक थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने कहा कि दोनों तरफ से आवेदन दिया जा रहा है। दोनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *