दहेज लोभियों ने दो लाख रुपए और बाइक नहीं मिलने पर झंडापुर के नाई टोला में मंगलवार की रात विवाहिता कुसुम उर्फ डॉली कुमारी की हत्या गला दबा कर कर दी। उसकी लाश को बोरे में डालकर ठिकाने लगाने को लेकर घर में छिपाया था, जिसकी भनक लोगों को लग गई थी, इसके लाश को घर में छोड़कर सभी भाग गए थे।
इस मामले में झंडापुर निवासी ममेरे भाई मुकेश कुमार ठाकुर की तहरीर पर झंडापुर ओपी पुलिस ने नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। इसमें डॉली का पति सतीश ठाकुर, देवर राहुल ठाकुर, ससुर सकलदेव ठाकुर व सतीश का बहनोई इस्माइलपुर के मंधत टोला निवासी अनिल ठाकुर का नाम शामिल है। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने इस्माइलपुर में छापेमारी कर बहनोई को गिरफ्तार कर लिया है।

लाश का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। एसपी निधि रानी ने कहा कि महिला की गला दबा कर हत्या हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का बाद मामला साफ हो जाएगा। महिला का पति, देवर व ससुर फरार हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।


