नवगछिया : गोशाला रोड स्थित किराना दुकानदार प्रदीप भगत की दुकान में दिन के 3:30 बजे घुसकर अपराधियों ने रंगदारी मांगी। विरोध करने पर बदमाशों ने पिस्टल की बट से प्रदीप भगत का सिर फोड़ दिया। इतना ही नहीं जाते-जाते अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए हवा में दो राउंड गोलियां भी चलाईं। इसके बाद वहां से फरार हो गए। घटना के बाद लोगों की सूचना पर थाना प्रभारी राजकपूर कुशवाहा मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। पुलिस ने वहां से एक खोखा भी बरामद किया है।
Total Downloads: 202

इसके बाद पुलिस घायल प्रदीप भगत को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल ले गई। अस्पताल में प्रदीप ने बताया कि वह अपनी दुकान में बैठे थे। तभी दो अपराधी आए और रंगदारी की मांग की। विरोध करने पर हथियार का भय हथियार से मारकर घायल कर दिया। पीड़ित ने बताया कि दो बाइक पर चार अपराधी आए थे। मगर दुकान में दो ही अपराधी घुसे थे और दो अपराधी सड़क पर खड़े थे। इससे नवगछिया बाजार के व्यवसायियों में दहशत है।


जल्द अपराधियों की होगी गिरफ्तारी : एसपी
एसपी निधि रानी के कहा कि पीड़ित की ओर से आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने पर मामला दर्ज किया जायेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाला जाएगा। पुलिस जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करेगी।

वहीं घटना की सूचना पर पूर्व सांसद अनिल यादव अस्पताल पहुंचे और घायल व्यवसायी का हाल जाना। उन्होंने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वही आजाद हिंद मोर्चा के राजेन्द्र यादव भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि अपराधी बेलगाम हो गए हैं। पुलिस उन्हें जल्द पकड़े नहीं तो आंदोलन किया जाएगा।
