नवगछिया । नवरात्रि और दशहरा जैसे बड़े त्योहारों पर भीड़भाड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त बनाने के लिए नवगछिया की पुलिस कप्तान प्रेरणा कुमार ने गुरुवार को सैदपुर स्थित प्राचीन मंदिर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों एवं समिति पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय एसडीओ ऋतुराज प्रताप सिंह, एसडीपीओ ओम प्रकाश, थाना अध्यक्ष मिथिलेश कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे। एसपी ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की भीड़ के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
उन्होंने मेला समिति और मंदिर प्रबंधन को निर्देश दिए कि महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के प्रवेश व निकास के लिए अलग-अलग मार्ग बनाए जाएँ, ताकि भीड़ नियंत्रित रहे और किसी प्रकार की अफरा-तफरी की स्थिति न बने। साथ ही उन्होंने सुरक्षा कर्मियों को सतर्क रहने और विशेषकर रात्रि के समय गश्ती बढ़ाने का आदेश दिया।

एसपी ने आम श्रद्धालुओं से अपील की कि वे हर्षोल्लास के साथ शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार का आनंद लें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि त्योहारों के अवसर पर शांति और सौहार्द बनाए रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान दुर्गा मंदिर समिति के अध्यक्ष महेश कुंवर, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं समिति सदस्य नितेंद्र सिंह उर्फ गुलाब सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण व समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भी प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे त्योहार के सफल आयोजन में हरसंभव सहयोग करेंगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की सक्रियता से श्रद्धालुओं में सुरक्षा की भावना बढ़ी है और अब वे नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को और अधिक उत्साह के साथ मना सकेंगे।

