नवगछिया : लत्तीपुर दक्षिण पंचायत के वार्ड नंबर पांच गौरीपुर में सोमवार की देर रात 12 बजे दबंग युवक ने वृद्ध महिला सुधा देवी की लाठी से पीट- पीटकर हत्या कर दी। परिजनों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। मामले के मुख्य आरोपी को पकड़कर पुलिस पूछताछ कर रही है।

जानकारी के अनुसार, गांव के रंजन मंडल ने महिला के नेत्रहीन पुत्र पंकज शर्मा से 500 रुपये नशा करने के लिए मांगा। पंकज ने कहा, कहां से पैसा देंगे। हम तो भीख मांगकर खाते हैं। इतनी बात पर रंजन मंडल ने नेत्रहीन पंकज की लाठी छीन ली और उसे पीटना शुरू कर दिया। पंकज का सिर फट गया और वह बेहोश होकर गिर गया। हंगामा सुनकर नेत्रहीन पंकज की मां सुधा देवी (70) घर से निकली और सरपंच को सूचना देने गई। लौटने के दौरान रंजन मंडल उसी लाठी से सुधा देवी को तबतक पीटता रहा, जब तक वह मर नहीं गई। महिला को पीटने के दौरान रंजन का परिवार तमाशबीन बना रहा। किसी ने बचाने का प्रयास नहीं किया। इसके बाद रंजन मंडल फरार हो गया। वहीं रंजन के भाई कुंदन मंडल ने महिला के शव को घर पहुंचा दिया।

इसके बाद दंबग युवक रंजन मंडल गांव में घूमता रहा। मृतक महिला की बहू ममता देवी ने पुलिस को बताया एक माह पूर्व रंजन मंडल ने घर में घुसकर हमारी छोटी गोतनी को पीटा था। सुबह पंच बबलू शर्मा व अन्य परिजनों ने घायल नेत्रहीन पंकज को इलाज के लिए बिहपुर सीएचसी लाया और पुलिस को सूचना दी। नेत्रहीन पंकज ने पुलिस को घटना के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद बिहपुर थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बिहपुर थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि मृतक की बहू ममता देवी ने आवेदन दिया है। रंजन मंडल, पूजो मंडल और कुंदन मंडल को नामजद किया है। पुलिस हत्या के मुख्य आरोपी रंजन मंडल को गिरफ्तार कर पूछताछ रही है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

मृतक महिला सुधा देवी की हत्या से परिजन डरे-सहमे हैं। सभी का रो- रोकर बुरा हाल है। महिला के दो पुत्र मंटू शर्मा और धीरज शर्मा हरियाणा में मजदूरी करते हैं। तीसरा नेत्रहीन पुत्र पंकज ट्रेन में भीख मांगकर गुजारा करता है। बहू ममता देवी, चचेरी बहू अमिता देवी, पंच बबलू शर्मा का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *