नवगछिया। परबत्ता थाना क्षेत्र के विक्रमशिला सेतु पहुंच पथ पर गरैया गांव के पास शनिवार की देर रात हुए सड़क हादसे में कटिहार जिले के कुर्सेला थाना क्षेत्र के बेलथी महेशपुर निवासी राकेश कुमार जायसवाल की मौत हो गयी। जबकि नवगछिया निवासी शंभू जायसवाल और बेलथी महेशपुर निवासी सौरभ जायसवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का मायागंज अस्पताल भागलपुर में इलाज चल रहा है। शंभू जायसवाल की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है।
Total Downloads: 360
बताया जाता है कि एक ही बाइक पर सवार होकर तीनों परबत्ता थाना क्षेत्र के राघोपुर गांव में अपने एक संबंधी के यहां गए थे। वहां से देर रात तीनों लौट रहे थे। गरैया गांव के पास एक ट्रक के जबरदस्त धक्के के बाद तीनों सड़क पर गिर गए थे। जिसमें राकेश की मौत मौके पर ही हो गयी थी। जबकि देर रात ही स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को पुलिस ने मायागंज अस्पताल भागलपुर भेज दिया था। रविवार दोपहर परबत्ता थाना पुलिस ने शव का

पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया।
परिजनों ने बताया कि राकेश कुर्सेला स्थित बजाज फाइनेंस लिमिटेड कंपनी में काम करता था। दोनों घायल भी इसी कंपनी में काम करते हैं। युवक की असामयिक मौत के बाद परिजन गहरे सदमे में हैं। परबत्ता के थानाध्यक्ष रामचंद्र यादव ने बताया कि मामले की प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। अज्ञात ट्रक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

