नवगछिया में 15 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, 93.25 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद

नवगछिया। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ नवगछिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 93.25 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित के पास से 2500 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये है।

पुलिस को शनिवार को सूचना मिली थी कि तेतरी जीरोमाइल के समीप स्मैक की एक खेप किसी कारोबारी को पहुंचाई जानी है। सूचना के आधार पर नवगछिया एसडीपीओ सायम रजा के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तेतरी जीरोमाइल सहित आसपास के इलाकों में निगरानी शुरू कर दी।

इसी दौरान तेतरी दुर्गा मंदिर की ओर जाने वाली सड़क पर पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 93.25 ग्राम स्मैक बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान तेतरी वार्ड नंबर 14 निवासी श्रवण कुमार, पिता उमेश राम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में श्रवण कुमार ने स्मैक मालदा के कलियाचक निवासी मो. रहमत से लाने और पकरा निवासी मनीष कुमार के साथ मिलकर तेतरी एवं पकरा इलाके में बेचने की बात स्वीकार की है।

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

नवगछिया एसडीपीओ सायम रजा ने बताया कि स्मैक तस्करी के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से स्मैक, नकदी और मोबाइल फोन बरामद हुआ है। मामले में संलिप्त अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

इस मामले में नवगछिया थाना कांड संख्या 402/26 दर्ज कर संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, पिछले चार महीनों में नवगछिया पुलिस ने करीब 2.4 किलोग्राम स्मैक बरामद किया है और मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में 25 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

deneme bonusu