नवगछिया : भवानीपुर थाना क्षेत्र के एनएच-31 पर नवोदय विद्यालय चौक के पास शनिवार की दोपहर एक बजे पिकअप वैन व बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार दो युवक की मौत हो गई। दोनों युवक रिश्ते में चाचा-भतीजा थे। दोनों भागलपुर से बीएड की परीक्षा देकर वापस घर लौट रहे थे। मरने वाले युवकों की पहचान खगड़िया जिले के महेशखूंट थाना क्षेत्र के हरंगी टोल हरिनगर निवासी सोनेलाल चौरसिया के पुत्र रवि कुमार 25 वर्षीय व कपिलदेव चौरसिया के पुत्र सूरज कुमार 28 वर्षीय के रूप में की गई है। घटना के बाद पिकअप वैन छोड़कर चालक फरार हो गया।
Total Downloads: 198
बताया जाता है कि नवगछिया की ओर से आ रहे बाइक बीआर-34-सी 6819 व पसराहा की ओर से तेज रफ्तार से आ रही अनियंत्रित पिकअप वैन बीआर-01-जीई-3710 की भिड़ंत हो गई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि भिड़ंत के बाद तेज आवाज हुई। आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार एनएच की ओर अभी देख ही रहे थे कि, इतने में बाइक समेत पिकअप वैन एनएच किनारे दक्षिणी साइड गड्ढ़े में चली गई। दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर कराह रहे थे। जब तक ग्रामीण दोनों को अस्पताल भेजने की व्यवस्था करते, तबतक मोटरसाइकिल पर सवार दोनों युवकों की मौत हो गई।

आधार कार्ड से हुई पहचान और पास में मिले मोबाइल से घर वालों को गया फोन
ग्रामीणों की सूचना पर भवानीपुर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद पुलिस ने दोनों युवकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेजा दिया। पुलिस ने बताया कि युवकों के पास से बरामद आधार कार्ड से उनकी पहचान की गई और उनके पास मिले व मोबाइल से उनके परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने दोनों युवकों के शवों का शिनाख्त की। परिजनों ने बताया कि दोनों युवक का रिश्ते आपस में चाचा-भतीजा थे। दोनों भागलपुर से बीएड की परीक्षा देकर वापस घर लौट रहे थे। दुर्घटना ग्रस्त वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। इस मामले में भवानीपुर ओपी पुलिस ने उक्त अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

एक वर्ष पहले ही हुई थी सूरज की शादी, रवि पर थी घर की जिम्मेदारी
नवगछिया। सड़क दुर्घटना में मारे गए दोनों युवकों की मौत के बाद अनुमंडल अस्पताल पहुंचे मृतकों के परिजन गहरे सदमें मे थे। परिजनों ने बताया कि सूरज अपने तीन भाईयों में सबसे बड़ा था। उसकी शादी एक वर्ष पहले पसराहा के झंझरा गांव में पूनम के साथ हुई थी। सूरज प्राइवेट कंपनी में गोवा में काम करता था। इन दिनों वह अपने घर मां की वरसी पर आया था। सूरज के भाई पंकज ने बताया कि शनिवार को सूरज को भागलपुर में काम था, रवि बीएड की परीक्षा देने भागलपुर जा रहा था तो सूरज भी अपने भतीजे के साथ चला गया।

जब तक रवि परीक्षा दे रहा था, तब तक भागलपुर में सूरज का काम हो गया और परीक्षा से निकलने के बाद रवि और सूरज दोनों घर आ रहे थे। भागलपुर से निकलने से पहले सूरज ने अपने एक परिजन को फोन कहा था कि वह भागलपुर से निकल गए हैं, एक दो घंटे में घर पहुंच जाएंगे। लेकिन कुछ देर बाद ही उनके मौत की खबर आई। सूरज का भतीजा रवि दो भाई में सबसे बड़ा था। गांव के ही स्कूल में पढ़ाता था और अपने पिता के दुकान पर हाथ भी बंटाता था। रवि बीपीएसी की ही हाल में हुई परीक्षा में प्रारंभिक परीक्षा उर्त्तीण किया था।

