खरीक। पुनर्वास के लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग को लेकर बुधवार को भाकपा-माले के बैनर तले नया टोला भवनपुरा के कटाव से विस्थापित परिवारों ने खरीक अंचल कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान विस्थापितों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी नाराजगी जाहिर की।
Total Downloads: 160
धरना दे रहे कटाव पीड़ितों ने बताया कि वे वर्षों से खरीक स्टेशन के पास रेलवे की जमीन पर झोपड़ी बनाकर रह रहे हैं। हाल ही में रेल प्रशासन की ओर से नोटिस जारी कर 16 जनवरी तक जमीन खाली करने का निर्देश दिया गया है। नोटिस में तय समय सीमा तक भूमि खाली नहीं करने पर प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई है।
विस्थापित परिवारों ने स्पष्ट रूप से कहा कि पहले प्रशासन उन्हें पुनर्वास के लिए सुरक्षित भूमि उपलब्ध कराए, उसके बाद ही रेलवे की जमीन खाली कराई जाए। पीड़ितों ने जल्द पुनर्वास योजना लागू करने की मांग की।

मौके पर पहुंचे अंचलाधिकारी प्रवीण कुमार वत्स ने विस्थापित परिवारों को हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया और मामले को गंभीरता से लेने की बात कही।
धरना-प्रदर्शन में भाकपा-माले नेता सुशील भारती, बिंदेश्वरी मंडल, रेणु देवी, अवधेश मंडल, शिवनंदन मिस्त्री, जयराम मंडल सहित बड़ी संख्या में कटाव पीड़ित परिवार शामिल रहे।
