नवगछिया : रवींद्र हत्याकांड के शार्प शूटर को नवगछिया थाना की पुलिस ने गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपित नवगछिया थाना डिमाहा का नीरज कुमार है. नवगछिया थानाध्यक्ष रवि शंकर प्रसाद सिंह ने बताया कि इस हत्याकांड में नीरज कुमार अनामजद आरोपित था. 20 अक्तूबर को नवगछिया के नयाटोला में बेतिया जिला के लोगनाहा नयाटोला के रवींद्र कुमार को अपराधियों ने गोली मार हत्या कर दी.
Total Downloads: 165
रवींद्र कुमार का नयाटोला में ननिहाल था. वह पत्नी के साथ नयाटोला में रह रहा था. पत्नी के बयान पर नवगछिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी, जिसमें दो नामजद व तीन अज्ञात को आरोपित बनाया गया था. पुलिस अनुसंधान में रवींद्र कुमार को गोली मरने वाले दिलखुश के साथ नीरज का नाम सामने आया था.
घटना में संलिप्त तीन आरोपितों को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. मुख्य आरोपित राजा कुमार, लव कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. शूटर दिलखुश यादव को हथियार के साथ गिरफ्तार किया था. रवींद्र कुमार को गोली मारने के मामले में दिलखुश यादव, नीरज कुमार नामजद थे. दोनों आरोपित रवींद्र कुमार को गोली मार कर बाइक से फरार हो गये थे.

इस मामले में एक आरोपित अभी भी फरार चल रहा है. आरेापित को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. नीरज का आपराधिक इतिहास रहा है, उसके विरुद्ध गोपालपुर थाना में लूट की प्राथमिकी दर्ज है. पुलिस ने आरोपित को जेल भेज दिया.
