नवगछिया : अनुमंडल कार्यालय के सामने शुक्रवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने इस्माइलपुर प्रखंड प्रमुख मालती देवी के पुत्र मिथुन यादव को गोलियों से भून डाला। मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी है। मृतक को तीन गोलियां लगी है।
Total Downloads: 182
घटना के प्रत्यक्षदर्शी मिथुन के पार्टनर बब्बन ने कहा कि वे लोग एक जमीन पर काम कर रहे थे। इसी दौरान तीन बदमाश मास्क लगाए मौके पर पहुंचे। इसके बाद ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जानकारी के मुताबिक हथियार देखते ही मिथुन और वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। कटीले तार से घेराबंदी के चलते भागने के दौरान मिथुन कटीले तार में फंस गया। इस कारण बदमाश उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर भाग निकले। मिथुन को सीने, पीठ, कनपटी में गोली लगी है। भागते समय भी अपराधियों ने कई राउंड फायरिंग की है। घटना की सूचना मिलने पर पिता श्रीकांत यादव समेत अन्य मौके पर पहुंचे।
इसके बाद खून से लथपथ मिथुन को उठाकर निजी वाहन से जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां उसकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक मिथुन शादीशुदा है। उसकी तीन बेटियां हैं। घटना की जानकारी मिलते ही नवगछिया एसपी पूरण समेत अन्य थानों की पुलिस और डीएसपी घटनास्थल पर पहुंच गए है


नवगछिया एसपी ने कहा कि मामले की तफ्तीश के लिए टीम गठित कर दी गई है। बदमाशों की पहचान और हत्या के कारणों की जांच में पुलिस जुट गई है। मायागंज अस्पताल में भी एहतियात के तौर पर काफी संख्या में पुलिस वालों को तैनात किया गया है। ताकि विधि व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न ना हो।
