नवगछिया : नवगछिया स्टेशन पर स्थित फुट ओवर ब्रिज के क्षतिग्रस्त होने के बाद शुक्रवार से मरम्मती का कार्य आरंभ कर दिया गया है. रेलवे प्रशासन द्वारा फुट ओवर ब्रिज के ढलाई वाले हिस्से को तोड़ हटाया गया. मालूम हो की पिछले दो तीन वर्षों से फुट ओवर ब्रिज क्षतिग्रस्त अवस्था मे थी. फुट ओवर ब्रिज के सीमेंट सरिया व बालू छर्री से की गई ढलाई वाला हिस्सा झड़ने लगा था. कुछ स्थानों पर दरारें भी आ गई थी.
रेलवे के द्वारा उसे तत्काल मरम्मती कर चलने के लायक बनाया था. बीते बुधवार को एक माल ट्रेन के गुजरने के दौरान फुट ओवर ब्रिज का ढाला वाला हिस्सा अधिक झाड़ गया. फुट ओवर ब्रिज के क्षतिग्रस्त होने के बाद रेलवे प्रशासन द्वारा तत्काल लोगों को उक्त पुल से होकर आवागमन को रोक दिया गया. शुक्रवार को रेलवे प्रशासन के द्वारा पुल की मरम्मती के लिए पूर्ण रूप से ढलाई वाले हिस्से को तोड़ कर हटा दिया गया.

पुल के मरम्मती कार्य के लिए ढलाई वाले हिस्से को तोड़ने के लिए ढाई घंटे का ब्लॉक लिया गया था. नवगछिया स्टेशन अधीक्षक केएन तिवारी ने बताया कि मरम्मती कार्य के लिए ढाई घंटे का ब्लॉक लिया गया था. उन्होंने बताया कि जिस समय ट्रेन की गेपिंग होती है उसी समय ब्लॉक लिया जाता है. मरम्मती कार्य के होने तक दो घंटे ढाई घंटे के ब्लॉक लिया जाएगा.


