नवगछिया। खरीक थाना क्षेत्र के लगदाहा रोड स्थित तरबन्ना बहियार तेलघी में बकरी खरीदने के विवाद में पशुपालक व उसके पुत्र को पीट- पीटकर अधमरा कर दिया गया।  खरीक बाजार शिवगंज टोला निवासी पशुपालक अवधी यादव (57) व उसके पुत्र विजय कुमार की लाठी-डंडे व हथियार के बट से जमकर पिटाई की गयी। बाप-बेटा की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन इलाज के लिए मायागंज अस्पताल ले गये। इलाज के दौरान अवधी यादव की मौत हो गई। वहीं बेटे का इलाज चल रहा है। मृतक के घायल पुत्र विजय के बयान पर खरीक पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

घायल विजय ने बताया कि रविवार की शाम करीब छह बजे तेलघी निवासी मुकेश सिंह तरबन्ना बहियार में बुचो सिंह के खेत स्थित मेरे बासा पर आया व पिता से पांच सौ रुपये में जबरन बकरी मांगने लगा। पिता के मना करने पर आरोपी व उसके परिवार के लोगों ने लाठी व हथियार के बट से पिता की पिटाई करने लगे। पिता बेहोश होकर गिर गये। बचाने गया तो सभी ने मुझे भी जमकर मारा। पिता को मरा समझ सभी भाग गये। परिजनों ने बताया कि मृतक 10 वर्षों से बुचो सिंह के खेत में बासा बनाकर मवेशी पालने का काम करता था। थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि घायल पुत्र के बयान पर  प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

पत्नी बार-बार हो रही थी बेहोश

घटना के बाद से मृतक के पूरे परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक की पत्नी  सुशीला पति के मौत की सूचना मिलते ही बेहोश हो गयी। होश में आने के बाद वह रोते-रोते बार-बार बेहोश हो जा रही थी। होश में आते ही वह सामने बैठी महिलाओं से बार-बार पूछ रही अब मेरा और परिवार का परवरिश कौन करेगा। किसके भरोसे जिऊंगी। दुश्मनों का मैंने क्या बिगाड़ा था जो  मेरा सुहाग उजाड़ दिया। मृतक की इकलौती बेटी आरती का भी रो-रो कर बुरा हाल है। वह रोते हुए बोल रही थी कि अब कौन करेगा मेरी शादी। परिजनों के चीत्कार से इलाका गमगीन हो गया था।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *