नवगछिया | खरीक थाना क्षेत्र के नागरटोला गांव में बच्चा चोरी की अफवाह फैलाकर एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
Total Downloads: 188
बताया गया कि 23 फरवरी 2026 को ग्रामीणों ने अफवाह के आधार पर उक्त व्यक्ति को बच्चा चोर समझकर बेरहमी से पिटाई कर दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस मामले में खरीक थाना कांड संख्या 53/26 दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने कांड में संलिप्त लालू मंसूरी उर्फ असरफ (पिता- इलजान मंसूरी) एवं रंजीत कुमार (पिता- सिकंदर रविदास), दोनों निवासी नागरटोला थाना खरीक, जिला भागलपुर को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

नवगछिया पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और बिना पुष्टि किसी व्यक्ति के साथ मारपीट या दुर्व्यवहार न करें। किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाना को सूचना दें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि कानून को हाथ में लेना दंडनीय अपराध है और ऐसा करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
