नवगछिया : रंगरा सहायक थाना क्षेत्र के एनएच 31 पर भागलपुर-कटिहार सीमावर्ती चापर ढाला चेकपोस्ट के समीप सोमवार की सुबह नौ बजे बच्चे का मुंडन संस्कार कराकर लौट रहे लोगों की ऑटो और हाईवा में भीषण टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। वहीं हादसे में बच्चे व महिलाएं सहित आठ लोग घायल हो गए। चार लोगों को मायागंज रेफर किया गया। मृतकों में अररिया जिला के फुल्का बाजार निवासी देवेंद्र यादव (35 वर्ष), उसकी मां सुधिया देवी (65 वर्ष) और उसकी सास नेपाल के नरसिंह निवासी चंद्रा देवी शामिल हैं।
Total Downloads: 79
घटना के बाद एनएच 31 पर लंबा जाम लग गया। सूचना पर रंगरा ओपी प्रभारी ने घायलों को हटाकर सड़क पर यातायात व्यवस्था शुरू करायी और घायलों को इलाज के लिए रंगरा पीएचसी भेजा। वहां से कई घायलों को अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेजा गया। अस्पताल में चार घायलों की गम्भीर स्थिति देखते हुए प्राथमिक उपचार कर भागलपुर मायगंज अस्पताल रेफर किया गया। घायलों में सभी अररिया जिले के फुल्का बाजार के एक ही परिवार के लोग हैं। तीनों शवों का अनुमंडल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।
परिजनों के चीत्कार से भर आईं आंखें
घटना की सूचना पर अररिया से मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे। जहां पर परिजनों का रो-रोकर हाल बुरा था। परिजनों के साथ साथ बच्चों के रुदन से लोगों की आंखें भर आईं। घायलों के बारे में परिजनों ने बताया कि इस घटना में मृतक की पत्नी सुनीता देवी, पुत्र मुकेश कुमार, मनोज कुमार, गांव की रीता देवी, मृतक का भाई बबलू, बाबू लाल यादव, करण कुमार आदि लोग घायल हैं सब की स्थिति नाजुक बनी हुई है। सभी को गहन चिकित्सा के बीच रखा गया है।

दो बजे रात में मुंडन करवा ने पहुंचा और रुका नहीं …
रंगरा ओपी प्रभारी चन्दन कुमार ने कहा कि अररिया से एक ही परिवार के लोग मुंडन कराने ऑटो से कुप्पा घाट महर्षि मेंहीं आश्रम आये थे। मुंडन देवेंद्र यादव के बच्चे का था। ये लोग दो बजे रात में वहां पहुचे और सुबह मुंडन संस्कार कर तुरंत वहां से चल दिये। जाह्नवी चौक पर गंगा स्नान कर घर के लिए चल दिये। रंगरा ओपी के चॉपर ढाला के पास हाईवा ने बगल से जोरदार टक्कर मारी जिससे ऑटो पलट गया। ऑटो में आगे जो भी बैठा था उसकी मौत हो गयी। बच्चे सभी ठीक हैं। हादसे के बाद हाईवा चालक फरार हो गया।
