बिहपुर। सोमवार की सुबह करीब 5:30 बजे बभनगामा उच्च विद्यालय के समीप चौदह नंबर सड़क पार करने के दौरान भागलपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार बाइक सवार ने लत्तीपुर उत्तर पंचायत वार्ड नंबर एक अमरपुर दास टोला निवासी गीता दास की पत्नी 65 वर्षीय सावित्री देवी को जोरदार धक्का मार दिया।
Total Downloads: 102
इस कारण महिला की मौत मौके पर हो गई। बता दें कि बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी की सामने से आ रही इंडिगो कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया एवं कार चालक पटना के सरलपुर निवासी सच्चिदानंद कुमार एवं पत्नी चंद्रकला देवी भी घायल हो गई। वही बाइक के परखच्चे उड़ गये। उधर बाइक चालक भागने में सफल रहा। बाइक मुहम्मद मुस्तकीम साकिन पीरमोकाम, दरघा, फलका, कटिहार के नाम से रजिस्टर है।

इधर सड़क दुर्घटना में मौत की सूचना पर ग्रामीण व परिजन मौके पर जुट गये एवं सड़क जाम कर मुआवजे की मांग करने लगे। सूचना पर बिहपुर थानाध्यक्ष रमेश कुमार, दारोगा रामप्रवेश राम, एएसआई राघव सिंह, उपेंद्र मुखिया आदि पहुंच गये और लोगों को समझाने-बुझाने लगे। मृत महिला के पति गीता दास, पुत्र पप्पू दास, उदय दास, पंकज दास, पुत्री रेखा देवी व भतीजी प्रीति व आशिका का रो -रो कर बुरा हाल हो रहा था।
महिला अमरपुर बहियार मकई काटने जा रही थी। वही जाम की सूचना पर बीडीओ सतीश कुमार, सरपंच श्रवण गुप्ता, मुखिया विजय यादव आदि ने परिजनों को समझाबुझाकर कर जाम हटवाया। बीडीओ ने कहा कि सरकारी प्रावधान के मुताबिक मुआवजा मिलेगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये नवगछिया भेज दिया।

