नवगछिया बाजार में नो इंट्री की धज्जियां उड़ रही हैं। बाजार के स्टेशन रोड में दिनभर बड़े वाहनों को खड़ा कर सामान लादने और उतारने का काम धड़ल्ले से चल रहा है। बाजार के वैशाली रोड से महाराज जी चौक तक धड़ल्ले से ई-रिक्शा चल रही है। संध्या समय मालगाड़ी और बड़ी गाड़ी के कारण महाराज जी चौक पर भीषण जाम लग गया जिससे खरीदारों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। चौक पर मौजूद हवलदार के काफी प्रयास के बाद जाम हटा।
सुबह दिन के 11 बजे स्टेशन रोड में ट्रैक्टर और पिकअप पर धड़ल्ले से सामानों को लोड-अनलोड करने का काम चलता रहता है। कई ट्रैक्टर पर से दिन भर सामान उतारने का काम होता रहता है।

निर्धारित रूट पर नहीं चलती ई-रिक्शा
नवगछिया में प्रशासन द्वारा निर्धारित की गई रूट से होकर ई-रिक्शा नहीं चलती है। बाजार के पोस्टऑफिस के पास बाल भारती के निकट ई-रिक्शा स्टैंड बन गया है। चौक-चौराहे पर ई-रिक्शा भी लगी रहती है।
मुख्य सड़क पर ठेला की आयी बाढ़
सब्जी मार्केट वैशाली होटल के पीछे शिफ्ट होने के बाद बाजार की मुख्य सड़क पर ठेला लगाकर सब्जी बेचने वालों की बाढ़ आ गयी है, जो पुलिसवालों की भी नहीं सुनते हैं। इससे एक बार बाजार में फिर से जाम लगने लगा है। बाजार में नो इंट्री लागू करवाने में नवगछिया पुलिस फेल हो गयी है। सड़क पर कहीं भी पुलिस नजर नहीं आ रही है।


