गोपालपुर | इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के पश्चिमी भिट्ठा गांव में शनिवार रात अपराधियों ने एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात उस समय हुई जब किसान अपने घर से महज 50 मीटर दूर बासा पर सोए हुए थे। मृतक की पहचान 65 वर्षीय बूटन मंडल के रूप में हुई है, जो इसी गांव के निवासी थे। गोली उनके पेट में लगी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि बूटन मंडल रोज की तरह रात में खाना खाने के बाद मवेशियों और फसल की रखवाली के लिए बासा पर सोने चले गए थे। रविवार सुबह करीब 5 बजे उनके मंझले बेटे छंगुरी मंडल जब बासा पर पहुंचे, तो उन्होंने अपने पिता को बिस्तर पर खून से लथपथ पड़ा देखा। यह दृश्य देख वह चीख पड़े, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए।

घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही इस्माइलपुर थानाध्यक्ष धीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। मृतक के पुत्र छंगुरी मंडल ने पुलिस को बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, ऐसे में हत्या के पीछे का कारण समझ से परे है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक टीम) को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर जांच के लिए भेजा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेजा, जहां प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया कि हत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। मृतक के पुत्र छंगुरी मंडल के आवेदन पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान के लिए छापेमारी भी की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

बूटन मंडल खेती-बाड़ी और पशुपालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके चार बेटे हैं, जो सभी खेती से जुड़े हैं। बड़े बेटे नागेश्वर मंडल ने बताया कि उनके पास करीब दो बीघा जमीन है और वे अन्य किसानों की जमीन बटाई पर लेकर खेती करते हैं।

घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक की पत्नी मनोरमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है और वे बार-बार बेहोश हो जा रही थीं। गांव की महिलाएं उन्हें ढांढस बंधा रही थीं।

घटना की सूचना मिलने पर जिला परिषद अध्यक्ष विपिन कुमार मंडल और मुखिया प्रतिनिधि अनिल पोद्दार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलकर सांत्वना दी और पुलिस प्रशासन से जल्द अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की। इलाके में इस घटना के बाद भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....