नवगछिया : कोसी और सीमांचल को भागलपुर से जोड़ने वाले महत्वाकांक्षी योजना से बन रहे बिहपुर – वीरपुर एनएच 106 के मिसिंग लिंक को जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दिया गया है. नवगछिया प्रशासन की तरफ से अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. सड़क निर्माण को लेकर प्रशासन स्तर से तैयारी कर दी है जल्द ही सड़क निर्माण को लेकर अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के संभावना व्यक्त की जा रही है. जमीन के अधिग्रहण को लेकर अधिसूचना गजट का भी प्रकाशन किया जा चुका है.
Total Downloads: 115
मिसिंग लिंक एनएच 106 के निर्माण में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द होगी पूरी
– थ्री ए का किया जा चुका है प्रकाशन, थ्री डी के प्रकाशन के लिए भेजा गया प्रस्ताव
– 165 किसानों की जमीन का किया जाना है अधिग्रहण
– एनएच 106 के निर्माण में 20.83 हेक्टेयर जमीन का होगा अधिग्रहण
– जमीन अधिग्रहण के लिए बिहपुर के छह मौजे से जमीन का होगा अधिग्रहण
– एनएच 106 में 5.91 हेक्टेयर भूमि वन भूमि भी है शामिल
– पौने सात किलोमीटर की दूरी में एनएच 106 सड़क के साथ साथ कोसी नदी पर दो पुल का भी होगा निर्माण
– 1478 करोड़ 40 लाख की लागत से सड़क और दो पुल का होना है निर्माण
– बिहपुर में 5.25 किमी एवं मधेपुरा के फुलौत में 1.5 किमी सड़क के लिए किया जाना है भूमि का अधिग्रहण
यह सड़क एनएच 31 को एनएच 136 को जोड़ेगी. इसमें एनएच 106 के निर्माण के साथ साथ कोसी नदी पर दो पुल का भी निर्माण किया जाएगा. सड़क एवं पुल का निर्माण कार्य 1478 करोड़ 40 लाख की लागत से किया जाएगा. एनएच 106 के निर्माण को लेकर प्रशासन स्तर से तैयारी कर ली गई है. अधिग्रहण होने वाली जमीनों का भौतिक सत्यापन भी कर लिया गया है. प्रशासन स्तर से भूमि अधिग्रहण को लेकर थ्री ए का प्रकाशन कर लिया गया है.

– पौने सात किलोमीटर में होगा भूमि अधिग्रहण
एनएच 106 एव दो पुल के निर्माण के लिए 6.75 किमी जमीन का अधिग्रहण किया जाना है. इसमें मधेपुरा के फुलौत का क्षेत्र शामिल है. बिहपुर प्रखंड में 5.25 किमी एवं फुलौत में 1.5 किमी सड़क के लिए जमीन का अधिग्रहण किया जाना है. एनएच 106 के निर्माण के लिए बिहपुर प्रखंड क्षेत्र में 20.83 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाना है. इस मे 5.91 हेक्टेयर जमीन वन भूमि भी शामिल हैं. 5.91 हेक्टेयर वन भूमि में कुल 2327 पेड़ भी लगे हुए हैं.
– बिहपुर के छह मौजे का जमीन होगा अधिग्रहण
बिहपुर प्रखंड के छह मौजे की जमीन का अधिग्रहण किया जाना है. बिहपुर प्रखंड के बिहपुर गोविंद, तुलसीपुर, हरिओ, कहाड़पुर, किसनपुर बनवारी एवं तरहना मौजा की जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा.
– अधिग्रहण होने वाली जमीन का किया जा चुका है भौतिक सत्यापन
एनएच 106 के निर्माण को लेकर बिहपुर प्रखंड क्षेत्र में पड़ने वाले हिस्से में जिन किसानों की जमीन सड़क में आ रही है. उक्त जमीन को चिन्हित भी कर लिया गया है. प्रसाशनिक पदाधिकारी के द्वारा जमीन का भौतिक सत्यापन भी किया जा चुका है. जानकारी के अनुसार सड़क में बिहपुर के क्षेत्र के 165 किसानों की जमीन सड़क में आ रही है. जिसका अधिग्रहण किया जाना है.
– थ्री डी के प्रकाशन के लिए भेजा गया प्रस्ताव
भूमि अधिग्रहण को लेकर नवगछिया भुमि उप समाहर्ता परमानंद साह को जिला भूमि अधिग्रहण पदाधिकारी का प्रभार दिया गया है. भूमि उप समाहर्ता परमानंद साह ने कहा कि भूमि अधिग्रहण को लेकर प्रशासन स्तर से तैयारी चल रही है. अधिग्रहण को लेकर थ्री ए का प्रकाशन कराया जा चुका है. थ्री डी के प्रकाशन के लिए प्रमाण पत्र के साथ मधेपुरा राज्यमार्ग के कार्यपालक अभियंता को भेजा गया है. थ्री डी के प्रकाशन के बाद जल्द ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी.
– भूमि अधिग्रहण को लेकर डीसीएलआर से मिले फुलौत एवं चौसा के जनप्रतिनिधि
भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए शुक्रवार को फुलौत एवं चौसा के जनप्रतिनिधि डीसीएलआर परमानंद साह से अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की. उन्होंने कहा कि भागलपुर जिले के बिहपुर प्रखंड क्षेत्र में ही अधिक भूमि का अधिग्रहण किया जाना है. मधेपुरा के फुलौत की ओर तो महज 1.5 किमी सड़क के लिए ही जमीन का अधिग्रहण किया जाना है. मौके पर चौसा जिला परिषद सदस्य अनिकेत मेहता, फुलौत पूर्वी पंचायत के मुखिया बबलू ऋषिदेव, फुलौत पश्चिमी पंचायत के मुखिया पंकज कुमार मेहता, पूर्व मुखिया रामदेव प्रसाद मेहता, राजेंद्र प्रसाद यादव, विनोद शंकर राय, नवगछिया प्रमुख प्रतिनिधि सुशील सिंह मौजूद थे. लोगो ने कहा कि इस सड़क एवं पुल के निर्माण के बाद कोसी दियारा इलाकों को सड़क की सुविधा मिलेगी और वास्तविक आजादी की अनुभूति होगी.

