नवगछिया/नारायणपुर: नारायणपुर प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय बलहा से रविवार को छात्रों का एक दल शैक्षणिक परिभ्रमण के लिए रवाना हुआ। यह परिभ्रमण मुख्यमंत्री बिहार दर्शन योजना के तहत आयोजित किया गया है, जिसका उद्देश्य छात्रों के बौद्धिक विकास को बढ़ावा देना है।
परिभ्रमण दल को विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार शर्मा और सचिव नीलू कुमारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दल का नेतृत्व विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनोद मंडल कर रहे हैं। इस दौरान छात्र विक्रमशिला विश्वविद्यालय अवशेष, बटेश्वर स्थान मंदिर और बिहार कृषि विश्वविद्यालय का शैक्षणिक भ्रमण करेंगे।
प्रधानाध्यापक विनोद मंडल ने बताया कि इस योजना के तहत छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ उनके बौद्धिक विकास को बढ़ावा देने के लिए ऐतिहासिक और शैक्षणिक स्थलों का भ्रमण कराया जाता है। इसका उद्देश्य यह है कि छात्र ऐतिहासिक धरोहरों और शिक्षण संस्थानों को करीब से देखकर अपने ज्ञान और सोच का विस्तार कर सकें।

परिभ्रमण दल में प्रधानाध्यापक विनोद मंडल के साथ शिक्षक अजीत कुमार, रमेश कुमार, दीपक कुमार, धर्मेंद्र कुमार, शिक्षा सेवक मंटू मलिक तथा शिक्षिकाएं रंजना पंडित, तनु श्री मंडल, नसरीन परवीन और यमुना माहात भी शामिल थीं। इस अवसर पर विद्यालय के कई छात्र-छात्राएं भी उत्साह के साथ शैक्षणिक यात्रा पर रवाना हुए।

