भागलपुर । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह पूर्व उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार भागलपुर आ रहे सम्राट चौधरी का ऐतिहासिक स्वागत किया जायेगा। नारायणपुर के पास से ही प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया जायेगा। वहां से वो बाबा ब्रजलेश्वर धाम जाकर दर्शन करेंगे। वहां से तेतरी दुर्गा स्थान जाकर दर्शन करेंगे। शाहनवाज ने शनिवार को भागलपुर में प्रेस वार्ता कर जानकारी दी।
शाहनवाज ने बताया कि हवाई अड्डा के पास से ही रथ और साइकिल के साथ शहर का भ्रमण करते हुए आनंदराम ढांढानियां स्कूल जायेंगे। प्रदेश अध्यक्ष पार्टी के 11 वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान करेंगे। उन्होंने कहा कि बैठक में समाजिक संगठनों, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मिलेंगे। जरलाही, हबीबपुर, दाउदबाट में भी स्वागत किया जायेगा। उन्हेंने कहा कि रेलमंत्री से मिला था और उनसे भागलपुर रेलवे स्टेशन को लेकर बात हुई थी। रेलवे के दक्षिणी क्षेत्र में यात्री सुविधा के लिए स्टेशन बनेगा। उन्होंने कहा कि भागलपुर से कम से कम एक भी राजधानी चले इसके लिए रेलमंत्री को कहा है। उन्होंने इसके लिए आश्वासन दिया है। वहीं जिलाध्यक्ष संतोष कुमार ने कहा कि सम्राट चौधरी प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार भागलपर आ रहे हैं। कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया जायेगा। उन्होंने बताया कि 12 जगहों पर स्वागत किया जायेगा जिसमें भागलपुर के सांस्कृतिक की झलक दिखेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रवक्ता के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत की तैयारी की चल रही है।
एक किलो चांदी का मुकुट पहनाकर किया जायेगा स्वागत प्रदेश अध्यक्ष का : ई शैलेंद्र
बिहपुर विधायक सह भागलपुर विधानसभा प्रभारी ई. शैलेंद्र ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी का नारायणपुर से ही भव्य स्वागत किया जायेगा। उन्हें एक किलो के चांदी के मुकुट पहनाकर स्वागत किया जायेगा। 15 जगहों पर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया जायेगा। प्रेस वार्ता में कहलगांव विधायक पवन यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष नभय कुमार चौधरी उपस्थित थे।

तैयारी को लेकर हुई बैठक
भागलपुर, वरीय संवाददाता। प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी के नौ मई को भागलपुर आगमन को लेकर शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में बैठक हुई। बैठक् में उनके आगमन को ऐतिहासिक बनाने का निर्णय लिया गया बैठक में जिलाध्यक्ष संतोष कुमार, राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन, लोकसभा प्रभारी रामानंद चौधरी,बिहपुर विधायक सह भागलपुर विधानसभा प्रभारी ई. शैलेन्द्र,कहलगॉव विधायक पवन यादव ने संबोधित किया। मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष दिलीप मिश्रा ‘निराला ‘ने किया। बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष नभय चौधरी,अभय वर्मन, रोहित पांडेय, पवन मिश्रा,रूबी दास,प्रीति शेखर,नवगछिया जिला अध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह सहित पार्टी के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे। इस आशय की जानकारी भाजपा जिला मिडिया प्रभारी प्राणिक वाजपेयी ने दी।

