एनएच-31 पर झंडापुर ओपी क्षेत्र के चोरहर ढाला के पास शुक्रवार की शाम करीब 6 बजे सड़क पार करने के दौरान एक ट्रक ने एक व्यक्ति को रौंद दिया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान मधेपुरा जिले के चौसा गांव निवासी मछली व्यवसायी गिरीश पटवे (55) के रूप में हुई है।
गिरीश गांव के ही राणा यादव के साथ रिश्तेदारी के सिलसिले में बिहपुर के हरियो गांव आया था। दोनों शाम में एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। घटनास्थल के समीप गिरीश लघुशंका के लिए बाइक रोककर सड़क की दूसरी ओर जा रहा था।

तभी नवगछिया से खगड़िया की जा रहे ट्रक चालक उसे रौंदते हुए भाग गया। दुर्घटना के बाद राणा यादव ने शोर मचाया। लेकिन जब तक आस पास के लोग कुछ समझ पाते ट्रक चालक वाहन के साथ काफी दूर निकल गया था। सूचना पर झंडापुर ओपी प्रभारी शिव प्रसाद रमानी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेज दिया। इधर, गिरीश के परिजन घटना की सूचना पर अस्पताल पहुंचे। शव को देखते ही वे दहाड़ें मारकर रोने लगे।

