नवगछिया : थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में किसानों व मछुआरों के साथ अपराधियों द्वारा की जा रही मारपीट व लूटपाट की घटना थमने का नाम नहीं ले रहीं हैं। पुलिस अपराधियों के सामने पुरी तरह से विवश दिख रही है। इसका मुख्य कारण पुलिस गश्ती के नाम पर सिर्फ और सिर्फ खानापूर्ति है।
ताजा मामला थाना क्षेत्र के अठगामा गंगा घाट मछली मार रहे मछुआरा के साथ मारपीट, लूटपाट व जान मारने की धमकी देने का सामने आया है। इसको लेकर पीड़ित मछुआरा परबत्ता थाना क्षेत्र के बहत्तरा निवासी कपिलदेव सहनी ने खरीक थाने में आवेदन दिया है।

जिसमें छोटी अठगामा निवासी समेत पांच अन्य लोगों को घटना को अंजाम देने का आरोपी बनाया है। पीड़ित मछुआरा ने अपने तहरीर में कहा है कि वह अठगामा गंगा घाट पर अपने जलकर में नाव के सहारे मछली मार रहा था।

इसी दौरान उक्त पांच अन्य साथियों के साथ आ धमके। लाठी-डंडे से पीटने लगे। पास में मौजूद शिकार की गई 7 किलो मछली व आठ सौ रुपया नगद लूट लिया। धमकी दी कहा कि यहां मछली मारने आया तो जान मार कर इसी गंगा में फेंक देंगे।


