नवगछिया : ध्रुवगंज में शुक्रवार रात 40 वर्षीया महिला की हत्या कर शव गायब कर दिया गया। महिला के भाई ने बहनोई, उसके सौतेले बेटे सहित सात परिजनों पर जिंदा जला देने और शव गायब करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी है। घटना के बाद से परिजन घर में ताला लगाकर फरार हैं।

महिला के पिता ने बताया कि शनिवार सुबह पड़ोसी द्वारा घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद नवगछिया के नगरह निवासी पिता सहित मायके वाले ध्रुवगंज पहुंचे। वहां से सभी ससुराल वाले फरार थे। घटना को अंजाम देने के बाद घर की पूरी तरह सफाई कर दी गई थी। फिर भी दुर्गंध आ रही थी। वहीं मायके वालों द्वारा दी गई जानकारी पर थानाध्यक्ष पंकज कुमार दलबल के साथ पहुंचे और जांच की। घर के समीप से ही महिला के सौतेले बेटे की पत्नी शिवानी देवी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं एसडीपीओ दिलीप कुमार भी मौके पर पहुंच कर जांच की तथा पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए गए।

लोगों ने बताया कि महिला नवल किशोर ठाकुर की पत्नी इंदु देवी उर्फ कैली थी। महिला की भाभी आरती देवी ने बताया कि मेरी ननद की 24 वर्ष पूर्व शादी हुई थी। उसके बाद पता चला कि आरोपी पति का पूर्व में भी शादी हुई थी और एक बेटा भी है। किन्तु, उस पत्नी को भी जिंदा जलाकर मार डाला गया था। सौतन के बेटे कौशल किशोर ठाकुर का लालन-पालन ननद ने ही किया था। उसकी इसी वर्ष 17 जून को शादी हुई थी। मेरी ननद के नाम से कटिहार के दिग्घी में दो कट्ठा जमीन है। उसे ननद के सौतेले बेटे की पत्नी अपने नाम से शादी के बाद से ही लिखने का दबाव बना रही थी। इसका विरोध करने पर कई बार मारपीट भी की गयी थी। 20 दिन पहले मायके से ससुराल आई ही थी और दुर्गा पूजा में 10वीं के दिन मायके आने की बात कही थी। किन्तु, इससे पूर्व ही उसकी हत्या कर दी गयी। मालूम हो कि उसका पति नवल किशोर ठाकुर गांव-गांव घूम कर पुरोहित का कार्य करता है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि भाई गोपाल झा के बयान पर महिला के पति, सौतेले पुत्र समेत पांच नामजद एवं दो अज्ञात पर देर शाम खरीक थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। शव बरामदगी के साथ-साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *