नवगछिया : मदन अहिल्या महिला महाविद्यालय, नवगछिया में तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के तत्वावधान में अंतर महाविद्यालय हैंडबॉल टूर्नामेंट का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलगीत के सामूहिक गायन से हुआ, जिससे पूरे परिसर में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण बना।
Total Downloads: 160
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के संयोजक डॉ. अतुल चंद्र घोष एवं क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों का महाविद्यालय प्रशासन की ओर से स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. अतुल चंद्र घोष ने अपने संबोधन में कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। इससे अनुशासन, टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। वहीं डॉ. संजय जायसवाल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय स्तर पर खेल गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा दिया जाएगा।

टूर्नामेंट का पहला मुकाबला मदन अहिल्या महिला महाविद्यालय एवं सुन्दरवती महिला महाविद्यालय के बीच खेला गया, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए मदन अहिल्या महिला महाविद्यालय की टीम विजेता रही। दूसरे मुकाबले में एसएसवी कॉलेज, कहलगांव ने मारवाड़ी महाविद्यालय को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबला मदन अहिल्या महिला महाविद्यालय एवं एसएसवी कॉलेज, कहलगांव के बीच खेला गया, जो अत्यंत रोमांचक एवं कांटे की टक्कर वाला रहा। अंततः उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए एसएसवी कॉलेज, कहलगांव की टीम विजेता घोषित हुई।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
