खरीक : खरीक थाना क्षेत्र के उस्मानपुर से खैरपुर जाने वाले सड़क पर खरीक पुलिस ने कटिहार और मुंगेर जिले के दो अपराधियों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. दोनों अपराधियों की पहचान कटिहार जिले के कुर्सेला थाना के शेरमारी निवासी गुड्डू मंडल और मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र के विजयनगर निवासी मिथुन मंडल के रूप में की गयी है. पुलिस से जानकारी मिली है कि दोनों ही अपराधी संदिग्ध अवस्था में थे जब नियमित गश्त कर रही पुलिस को संदेह हुआ तो पुलिस ने दोनों की तलाशी ली जिसके दौरान एक देशी पिस्तौल, पांच चक्र जिंदा कारतूस, एक बिना कागजात वाली मोटरसाइकिल को बरामद किया है. सुदूर गंगा दियारा में इन दोनों अपराधियों की चहलकदमी क्यों थी, इसको लेकर पुलिस का मानना है कि दोनों अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे.

यह भी बात सामने आ रही है कि 24 अक्टूबर को हुए नंदकिशोर मंडल हत्याकांड में भी दोनों की संलिप्तता हो सकती है. हालांकि खरीक पुलिस ने दोनों अपराधियों के नंदकिशोर मंडल हत्याकांड में शामिल होने की पुष्टि नहीं की है लेकिन पुलिस ने स्पष्ट रूप से इस बात का इनकार भी नहीं किया है कि दोनों अपराधी नंदकिशोर हत्याकांड में शामिल नहीं हैं. पुलिस का कहना है कि वह मामले की छानबीन कर रही है.

सुदूर गंगा दियारा इलाके में दोनों की चहलकदमी इस बात का भी इशारा करता है कि दोनों का कहीं ना कहीं स्थानीय सूत्र जरूर होगा. पुलिस इस बिंदु पर भी छानबीन में जुट गई है. सूत्र बताते हैं कि पुलिस ने दोनों अपराधियों से सघन छानबीन की है जिससे कई तरह की चौकाऊ जानकारियां पुलिस के हाथ आई. बताया जा रहा है कि पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर कई स्थानों पर छापेमारी भी की है. शुक्रवार को दोनों अपराधियों को पुलिस की अभिरक्षा में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. मामले की बाबत खरीक थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.

नंदकिशोर हत्याकांड में एक नामजद गिरफ्तार, बाकी के लिए छापेमारी जारी

नंदकिशोर मंडल हत्याकांड में अब तक एक आरोपी चापर निवासी अरविंद यादव को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि पुलिस रिकॉर्ड में अरविंद यादव पर कई मामले दर्ज थे जिसमें वह वांछित था. नंदकिशोर मंडल हत्याकांड में उसकी संलिप्तता थी या नहीं इसको लेकर पुलिस छानबीन कर रही है तो दूसरी तरफ नंदकिशोर मंडल हत्याकांड के अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर भी खरीक पुलिस छापेमारी कर रही है.

मालूम हो कि रंगरा के चापर निवासी और खरीक के अठानियां दियारा में रहने वाले नंदकिशोर मंडल की हत्या 24 अक्टूबर को उसके अपहरण के बाद कर दी गई थी. पुलिस ने शव की बरामदगी 26 अक्टूबर को किया. इसके बाद पुलिस ने नंदकिशोर की मां सीता देवी के लिखित आवेदन के आधार पर नगर पंचायत नवगछिया के उपमुख्य पार्षद अभिषेक रमण उर्फ टीएन यादव, उसके चाचा जयकृष्ण यादव, चापर निवासी अरविंद यादव, रूपेश यादव, लोधाम यादव को नामजद किया गया है.

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By Rishav Mishra Krishna

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *