नवगछिया में होली पर्व के मद्देनजर अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान रविवार को बड़ा हादसा हो गया। रंगरा चौक थाना क्षेत्र में एनएच-31 पर खड़ी एक यात्री बस को पीछे से आए अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों समेत लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए।

Whatsapp group Join

घटना उस समय हुई जब मध्य निषेध विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम एनएच-31 पर वाहनों की जांच कर रही थी। पूर्णिया से भागलपुर जा रही एक यात्री बस को अवैध शराब की तस्करी की आशंका में रोककर सड़क किनारे खड़ा किया गया था। पुलिसकर्मी और उत्पाद विभाग के अधिकारी बस की तलाशी ले रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अचानक आगे बढ़ गई, जिससे अंदर बैठे यात्री गिर पड़े और मौके पर मौजूद कुछ पुलिसकर्मी भी चपेट में आ गए।

घायलों में बिहार होमगार्ड की जवान संध्या कुमारी, गुंजन कुमारी और मुकेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं। बस में सवार नीरज कुमार (पिता–मंटू राम), खुशबू देवी (पति–फुन्नी राम), आयुष कुमार (पिता–फुन्नी राम), गोलू कुमार (पिता–सुन्नी), बिछिया देवी (पति–महेश मंडल) और विनोद मंडल (पिता–स्व. माली मंडल) समेत कई यात्री घायल हुए हैं। कुल मिलाकर लगभग एक दर्जन लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत खतरे से बाहर है।

प्रेरणा कुमार, पुलिस अधीक्षक नवगछिया, ने बताया कि होली के मद्देनजर जांच अभियान चल रहा था, तभी यह दुर्घटना हुई। ट्रक को जब्त कर लिया गया है और बस को सुरक्षित स्थान पर हटवा दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *