नवगछिया पुलिस जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक देसी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार पुलिस को क्षेत्र भ्रमण के दौरान सूचना मिली थी कि तिनटंगा करारी गांव निवासी बिहारी मंडल अपने दो साथियों के साथ एक बासा पर अवैध हथियार के साथ जमा है और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने तिनटंगा करारी स्थित बासा से बिहारी मंडल (पिता– छोटेलाल मंडल), अभिजित कुमार (पिता– दुलार यादव) और पवन कुमार (पिता– गोने मंडल) को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी तिनटंगा करारी, थाना गोपालपुर, जिला भागलपुर के निवासी बताए जा रहे हैं।

मौके से पुलिस ने एक देसी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है और उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में गुरुवार को नवगछिया एसपी कार्यालय की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी गई। गोपालपुर थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया है।

