नवगछिया। नवगछिया के खरीक थाना क्षेत्र में टोटो चालक सिट्टू कुमार की बेरहमी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। अपराधियों ने 30 मार्च 2026 को युवक की हत्या कर उसका शव अंभो-दादपुर सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में खरीक थाना कांड संख्या 84/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Total Downloads: 166
झाड़ियों में मिला शव, इलाके में दहशत
मृतक सिट्टू कुमार छोटी नवादा, खरीक का निवासी था और रविदास समाज से संबंध रखता था। सड़क किनारे झाड़ियों में शव मिलने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घटना के बाद पूरे इलाके में भय, आक्रोश और तनाव का माहौल देखा गया।
त्वरित कार्रवाई की उठी मांग
घटना के बाद बहुजन समता सेना के संस्थापक एवं बिहपुर के पूर्व विधायक प्रत्याशी अजय कुमार रविदास ने नवगछिया पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी तथा मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने पर जोर दिया है।

SIT गठन और 50 लाख मुआवजे की मांग
अजय कुमार रविदास ने प्रशासन के समक्ष कई अहम मांगें रखी हैं। उन्होंने इस हत्याकांड की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित करने की मांग की है। इसके साथ ही मृतक के गायब टोटो की बैटरी का पता लगाने, पीड़ित परिवार को तत्काल पुलिस सुरक्षा देने तथा 50 लाख रुपये मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग भी की है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और इसमें शामिल अपराधियों की पहचान में जुटी हुई है।
