नवगछिया । परबत्ता थाना के साहू परबत्ता के इमली पेड़ के पास  14 नम्बर सड़क पर शनिवार की सुबह 10:30 बजे दो नकाबपोश आपराधियों ने एक निजी बैंक के फाइनेंसकर्मी की लूट के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान पूर्णिया जिला के टीकापट्टी निवासी उमेश पासवान के पुत्र नकुल पासवान के रूप में हुई।

नकुल को पंजरे  में गोली मारी गई। गोली सीना पारकर निकल गई है।  घटना के बाद घायल सड़क पर काफी देर  तड़पता रहा और पानी मांगता रहा लेकिन अपराधियों के डर से किसी ने उसकी मदद नहीं की। गोली मारने के बाद अपराधी नकुल का बैग लेकर फरार हो गए। बताया जाता है कि बैग में समूह की महिलाओं से कलेक्शन किया हुआ लगभग 70 हजार रुपया था। सूचना पर परबत्ता थानाध्यक्ष योगेश कुमार, खरीक थानाध्यक्ष सूबेदार पासवान, इस्माईलपुर थानाध्यक्ष एसके रिजवी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा और मृतक का मोबाइल बरामद किया। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया। नकुल मकंदपुर चौक स्थित एलएनटी बैंक में कार्य करता था। नकुल बैंक से सुबह सात  बजे कलेक्शन के लिए साहू परबत्ता के लिए निकला था।

साजिश के तहत लूट और हत्या करवाने का आरोप :

मृतक के भाई संजीत और ललित ने आरोप लगाया कि साजिश के तहत लूट और हत्या की घटना को अंजाम दिया गया है। बताया कि जहां मीटिंग होती है, वहीं से सेटिंग कर घटना को अंजाम दिया गया है। आशंका जताई कि इसमें समूह की कोई महिला शामिल है जिसे कलेक्शन की जानकारी थी।

बोलकर गए बनाओ खाना आ रहे हैं, फिर आयी मौत की खबर :

मृतक  युवक की डेढ़ माह पूर्व कटिहार जिले के आजोकप्पा में स्वीटी कुमारी से शादी हुई थी। पत्नी पहली बार पांच दिन पहले आई थी और दोनों किराये पर कमरा लेकर मकन्दपुर चौक पर रह रहे थे। पत्नी स्वीटी कुमारी ने रोते हुए कहा कि सुबह  छह बजे पति कमरे से निकले। बोले कि खाना बनाकर रखो, कलेक्शन कर 11 बजे आएंगे तो खाएंगे। बताया कि 10 बजकर 29 मिनट पर एक बार पति का फोन आया कि आ रहा हूं फिर उनकी मौत की खबर आई।

पति के शव पर बार-बार बेहोश हो रही थी पत्नी :

पति की मौत के बाद स्वीटी कुमारी बार-बार बेहोश हो रही थी। बार-बार कह रही थी कि उठिए ना खाना बन गया है खा लीजिए। फिर वह रो-रोकर बोलती है कि आपके साथ हम भी जाएंगे, किसके भरोसे हमको छोड़कर जा रहे हैं आप। यही हाल पिता का भी था, वह भी पुत्र के शव के पास रोये जा रहे थे।

रात में बैंक छोड़ने की हुई थी बात :

मृतक के एक रिश्तेदार ने बताया कि काम के कारण नकुल घर में समय नहीं दे पा रहे थे। रोजाना लूट की घटना से डरे हुए थे। पत्नी घर पर अकेली रहती थी। समय नहीं मिलने के कारण रात में बैंक का काम छोड़कर दूसरा काम छोड़ने की बात हुई थी।

25 माह से बैंक से जुड़े थे नकुल :

सीधे साधे सरल स्वभाव के नकुल 25 माह से बैंक से जुड़े थे। बैंक के बीएम ने बताया कि वे 25 माह से बैंक से जुड़े थे। बैंक ग्रुप की महिलाओं को डेवलपमेंट के लिए लोन देती है। नकुल के व्यवहार से काफी महिलाये बैंक से जुड़ी थी।

वर्जन

लूट की घटना को लेकर हत्या की घटना को अंजाम दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ओवरटेक कर अपराधियों ने फाइनेंसकर्मी को गोली मारी और उसका बैग लेकर फरार हो गए। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जल्द ही अपराधी पकड़े जाएंगे। सुशांत कुमार सरोज, एसपी नवगछिया

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *