नवगछिया थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़े दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने घटना में संलिप्त पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार 4 मार्च 2026 को तेतरी जीरोमाइल के समीप एक युवक गोली लगने से घायल अवस्था में मिला था। सूचना मिलते ही नवगछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। घायल की पहचान खगड़िया जिले के पसराहा थाना क्षेत्र निवासी अजय कुमार के रूप में हुई है, जिनका इलाज जारी है।

पुलिस जांच में सामने आया कि अजय कुमार अपने दोस्त गुलशन कुमार और नीरज कुमार के साथ होली के मौके पर परबत्ता थाना क्षेत्र के बोरया गांव में गुलशन के रिश्तेदार के यहां आए थे। इसी दौरान तीनों पर हमला कर दिया गया। हमले में अजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके दोनों दोस्तों गुलशन कुमार और नीरज कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दोनों मृतकों के शव बुधवार सुबह नवगछिया थाना क्षेत्र से बरामद किए गए।

घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया के पुलिस अधीक्षक और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

मामले के त्वरित खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया, जिसमें नवगछिया, गोपालपुर और परबत्ता थाना की पुलिस के साथ डीआईयू टीम को शामिल किया गया।

तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने इस मामले में नीतीश कुमार, अखिलेश उर्फ रूबल, संजो देवी, देवो मंडल और विजय मंडल को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि घायल अजय कुमार का गिरफ्तार आरोपी नीतीश कुमार की बहन के साथ प्रेम प्रसंग था। घटना के दिन अजय कुमार महिला के साथ घर में मौजूद थे, जबकि उनके दोनों दोस्त बाहर निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान महिला के परिजनों को इसकी जानकारी मिल गई और वे मौके पर पहुंच गए।

बताया जाता है कि आक्रोशित परिजनों ने तीनों युवकों को पकड़ लिया और उन्हें कलबलिया धार के पास एक केले के बागान में ले जाकर गोली मार दी। गोली लगने के बाद अजय कुमार किसी तरह वहां से भागने में सफल हो गए, लेकिन उनके दोनों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शवों को छिपाने के इरादे से सड़क किनारे फेंक दिया था।

पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है तथा अन्य संभावित आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *