नवगछिया। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को बाल भारती विद्यालय एवं बाल भारती के संयुक्त तत्वावधान में मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में स्काउट एंड गाइड तथा एनसीसी के करीब 200 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली की शुरुआत विद्यालय परिसर से हुई, जहां बाल भारती विद्यालय के प्राचार्य नवनीत सिंह, प्रशासक डी.पी. सिंह एवं बाल भारती के प्राचार्य कौशल किशोर जयसवाल ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली गौशाला रोड, महाराज जी चौक, स्टेशन रोड, हरियापट्टी होते हुए नंदलाल चौक तक पहुंची और फिर पुनः विद्यालय परिसर में समाप्त हुई।
रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर “मेरा वोट, मेरा अधिकार”, “पहले मतदान, फिर जलपान”, “लोकतंत्र की शान है, मतदान हमारी पहचान है” जैसे नारे लगाकर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया।

इस अवसर पर एमसीसी ऑफिसर विकास पांडे, स्काउट एंड गाइड जिला प्रशिक्षक मुकेश आजाद, निशीष कुमार, खुशबू मिश्रा सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थीं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करना और युवाओं में लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति सजगता बढ़ाना था

