नवगछिया अनुमंडल में एक युवक का देसी कट्टा से फायरिंग करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला बिहपुर थाना क्षेत्र के गौरीपुर गांव का बताया जा रहा है।

Whatsapp group Join

वायरल वीडियो में एक युवक को बगीचे के बीच स्थित सुनसान ग्रामीण सड़क पर देसी कट्टा लहराते हुए देखा जा सकता है। युवक बेखौफ होकर हवा में एक राउंड फायरिंग करता है। फायरिंग करने के बाद वह वहां से चलता बनता है। इस दौरान उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक मोबाइल फोन से पूरी घटना का वीडियो बनाते नजर आ रहा है।

वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह खुलेआम हथियार लहराकर फायरिंग करना कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है।

दोषी की पहचान कर होगी कार्रवाई: थानाध्यक्ष

बिहपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपी युवक की पहचान करने में जुटी है। हालांकि, यह वीडियो कब का है, इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

थानाध्यक्ष ने कहा कि युवक की पहचान होते ही उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि फायरिंग में इस्तेमाल किया गया हथियार कहां से आया और क्या इस घटना में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है।

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *