नवगछिया। नवगछिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 117.750 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। इस दौरान एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है, जो एक क्षतिग्रस्त कार में मिला।
जानकारी के अनुसार, 25 जनवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि एनएच-31 मुख्य मार्ग पर बलहा के पास एक कार क्षतिग्रस्त अवस्था में खड़ी है। सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर वाहन की जांच की।
तलाशी के दौरान कार चालक रघुनंदन कुमार को घायल अवस्था में पाया गया। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार तस्कर की पहचान दुमका जिले के हंसडीहा थाना अंतर्गत लकड़बांक गांव निवासी के रूप में हुई है।

कार की जांच में पुलिस ने कुल 117.750 लीटर विदेशी शराब बरामद की। इस मामले में भवानीपुर थाना कांड संख्या 24/26, दिनांक 25 जनवरी 2026 को बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा 30(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने मौके से विदेशी शराब, कार और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। घायल तस्कर का इलाज पूरा होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

