नवगछिया : नवगछिया स्थित एससी-एसटी थाने पर एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने जब वह थाने पहुंची, तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने न सिर्फ उसका आवेदन लेने से इनकार कर दिया, बल्कि उसे थाने से भगा दिया।
Total Downloads: 166
पीड़िता सीमा देवी, पति सिंटू पासवान, निवासी वीरनगर सैदपुर, गोपालपुर, भागलपुर ने बताया कि थाने से लौटाए जाने के बाद वह एसपी कार्यालय पहुंचीं। वहां से एससी-एसटी थाने को फोन कर उन्हें दोबारा बुलाया गया। आरोप है कि दूसरी बार भी थाने पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने आवेदन लेने से इनकार कर दिया और यह कहकर टाल दिया कि “डायल 112 को इसकी जानकारी दीजिए।”
इसके बाद पीड़िता गोपालपुर थाना पहुंचीं। शुरुआत में वहां भी आवेदन लेने से मना किया गया, लेकिन बाद में उनका आवेदन स्वीकार कर लिया गया। फिलहाल गोपालपुर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

अपने आवेदन में सीमा देवी ने बताया कि वह अपनी सास और बच्चों के साथ रहती हैं, जबकि उनके पति मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि गांव के ही शिवराम राय (पिता: स्व. गणेश राय) और महादेव एम. गौतम राय (पिता: शिवराम राय) ने उन्हें जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता का यह भी कहना है कि आरोपियों द्वारा गांव की अन्य महिलाओं को डराकर उनके खिलाफ सामाजिक बहिष्कार का माहौल बनाया जा रहा है। लगातार मिल रही धमकियों के कारण वह भय और मानसिक दबाव में जीवन जीने को मजबूर हैं।
इस मामले में एससी-एसटी थाना प्रभारी महेश लाल ने बताया कि वह छुट्टी पर थे और आज ही ड्यूटी ज्वाइन की है। उन्हें इस प्रकरण की जानकारी नहीं है। मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
