नवगछिया । मैट्रिक परीक्षा देने जा रही ननद-भौजाई को लेकर जा रहा युवक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तेतरी के पास हुआ, जहां एक अज्ञात हाईवा ने मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीनों सड़क पर दूर जा गिरे।
घायलों में लत्तीपुर बिहपुर निवासी पूजा कुमारी, उसका भाई हिमांशु कुमार यादव (पिता राजकुमार यादव) तथा उसकी भाभी निधि कुमारी (पति रंजीत यादव) शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में भर्ती कराया गया।
बताया गया कि पूजा और निधि की मैट्रिक परीक्षा का केंद्र लालजी मध्य विद्यालय, मकंदपुर चौक में पड़ा है। दोनों परीक्षा देने जा रही थीं और निधि का देवर हिमांशु मोटरसाइकिल से उन्हें केंद्र तक पहुंचाने जा रहा था। इसी दौरान तेतरी के पास तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को टक्कर मार दी।

दुर्घटना में पूजा और निधि के पैरों में गंभीर चोट आई है। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अस्पताल प्रबंधक जितेंद्र चौरसिया ने बताया कि दोनों परीक्षार्थियों की स्थिति गंभीर थी, इसलिए उन्हें उच्च स्तरीय इलाज के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

