इंस्टाग्राम पर साली की तस्वीर लगाने को लेकर खूनी संघर्ष, दंपति पर लाठी-डंडों से हमला; पूर्णिया रेफर

नवगछिया। सोशल मीडिया पर तस्वीर और डीपी लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद नवगछिया पुलिस जिले के कदवा थाना क्षेत्र में हिंसक संघर्ष में बदल गया। नवीन नगर पूनामा प्रताप नगर में इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर एक महिला की तस्वीर लगाने को लेकर दो परिवारों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना में चचेरे भाई दीपक यादव (35) और उनकी पत्नी सपना कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया गया।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात दीपक यादव को उनकी साली मौसम कुमारी के पति विकास यादव का फोन आया। विकास ने बताया कि इंस्टाग्राम पर उनकी पत्नी की तस्वीर किसी अन्य युवक के साथ लगाई गई है। इसको लेकर उन्होंने नाराजगी जताते हुए मौसम को अपने साथ नहीं रखने और रिश्ता खत्म करने की बात कही।

बताया जाता है कि इंस्टाग्राम पर ‘माफिया अंकित यादव’ नाम से संचालित एक अकाउंट की डीपी में मौसम कुमारी और अंकित यादव की एक साथ की तस्वीर लगाई गई थी। तस्वीर को लेकर परिवार में विवाद बढ़ गया और मौसम के वैवाहिक जीवन पर भी संकट उत्पन्न हो गया।

साली का घर टूटने की आशंका से परेशान दीपक यादव रविवार दोपहर करीब चार बजे अपने परिजनों के साथ चचेरे भाई बबलू यादव के घर पहुंचे। वे इंस्टाग्राम से तस्वीर हटाने और अंकित यादव को समझाने की बात कह रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान बबलू यादव और उनके परिजन गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।

आरोप के अनुसार, बबलू यादव, उनकी पत्नी कंचन देवी और उनके तीन पुत्रों अंकित यादव, आशीष यादव तथा राजा यादव ने लाठी-डंडे और धारदार हथियार से दीपक यादव एवं उनकी पत्नी सपना कुमारी पर हमला कर दिया। हमले में दोनों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

दंपति की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर दोनों को हमलावरों से बचाया। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से घायलों को नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच पहले से भी मनमुटाव चल रहा था। इंस्टाग्राम पर तस्वीर लगाने के विवाद ने मामले को और गंभीर बना दिया। इधर, कदवा थाना पुलिस ने घटना की सूचना मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *